Wednesday, October 21st, 2026

पंचायत चुनाव: मनमाफिक आरक्षण पर आपत्तियों की भरमार 

 लखनऊ  
यूपी पंचायत चुनाव के लिए 26 मार्च को फाइनल आरक्षण लिस्ट जारी होगी। अभी अंनतिम आरक्षण लिस्ट जारी हो चुकी है, इस समय इस लिस्ट पर आपत्ति मांगी गई है। 24 और 25 मार्च को आपत्तियों का निस्तारण कराया जाएगा। पंचायती राज विभाग 26 मार्च को आरक्षण की फाइनल सूची जारी कर देगा। हर जिलें में आपत्तियों की भरमार हो गई  है। कहीं पांच सौ तो कहीं एक हजार से ज्यादा आपत्त्तियां आईं हैं। आइए जानते हैं किस जिले में कैसी आपत्तियां आई हैं- 

बरेली में 450 से ज्यादा शिकातयें : 

बरेली में सोमवार को रिकाॅर्ड 450 आपत्ति डीपीआरओ ऑफिस में दाखिल हुईं। विकास भवन में रविवार दोपहर से रात तक आरक्षण की जानकारी करने वालों का तांता लगा रहा। सोमवार को आरक्षण पर सवाल उठाते हुए लोगों ने आपत्तियों की भरमार कर दी। जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत के साथ ग्राम प्रधान की सीट को लेकर आपत्तियां दाखिल की हैं। सबसे अधिक दावे-आपत्ति ग्राम प्रधान के आरक्षण को लेकर हैं। ज्यादातर आपत्ति में जनसंख्या को लेकर सवाल उठाए हैं। मंगलवार को बड़ी तादाद में आपत्तियां आने की उम्मीद जताई जा रही है। डीपीआरओ के साथ डीएम और दूसरे ऑफिसों में भी लोगों ने पंचायत आरक्षण के खिलाफ आपत्तियां दाखिल की हैं। मंगलवार को दूसरे ऑफिसों से जिला पंचायत राज अधिकारी के दफ्तर आपत्तियों को निस्तारण के लिए भेजा जाएगा।

मेरठ में 202 आपत्तियां पहुंची : 

ग्राम पंचायत आरक्षण में आपत्तियों के पहले दिन अंबार लग गया। शाम तक 202 आपत्तियां दर्ज की गईं। वहीं, जिला पंचायत आरक्षण पर 14 आपत्तियां दर्ज कराई गईं। ग्राम पंचायत चुनाव की पहली सूची पर 257 आपत्तियां दर्ज कराई गई थी। आपत्तियों में एससी कैटेगरी के लोग भी शामिल हैं। इनमें पहली सूची में रही एससी सीट को बरकरार रखने की बात कही गई है। साथ ही सामान्य और ओबीसी वर्ग के आपत्ति कर्ताओं ने आबादी के हिसाब से सामान्य या ओबीसी वर्ग के लिए सीट आरक्षित करने की मांग की। कई आपत्ति कर्ताओं ने चकरानुक्रम को गलत ठहरा कर अपनी मनमाफिक सीट निर्धारित करने की मांग की। वहीं पहली सूची में सभी आपत्तियां अपर कास्ट के लोगों की तरफ से दर्ज कराई गई थी।

उन्नाव में उमड़ी भीड़  : 

उन्नाव जिले में आपत्तियां दर्ज कराने वालों का सैलाब विकास भवन में उमड़ पड़ा। सभी अपनी सीट पर लगाए गए आरक्षण को बदलवाने की मांग कर रहे हैं। कोई जनसंख्या का तर्क दे रहा है तो कोई सीटों पर आरक्षण का इतिहास बता कर समीकरण बदलवाने की मांग कर रहा है। अभी तक सभी सीटों पर 683 आपत्तियां आई हैं। इसमें अकेले प्रधान पद पर 644 आपत्तियां दर्ज कराई गईं।

सहारनपुर में लगी भीड़ : 

आरक्षण पर बड़ी संख्या में आपत्तियां आ रही है। दो दिन में ही 267 आपत्तियां पहुंच गई। जिनमें सबसे अधिक आपत्ति ग्राम प्रधान पद के आरक्षण को लेकर हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी उपेंद्र राज सिंह ने बताया कि 23 मार्च तक आपत्तियां मांगी गई है। 25 मार्च तक आपत्तियों का निस्तारण कर 26 मार्च कोफाइनल सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
 

हापुड़ में भी लोग संतुष्ट नहीं : 
हापुड़ में पंचायत चुनावों को लेकर निर्धारित आरक्षण भी लोगों के मन को नहीं भा रहा है। जिसको लेकर शनिवार से ही आपत्तियां आनी शुरु हो गई हैं। सोमवार को जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में सुबह से ही ग्राम प्रधान और जिला पंचायत पदों के लिए आरक्षण पर आपत्तियां दर्ज कराने वालों का तांता लगा रहा। मंगलवार आपत्ति दर्ज कराने का अंतिम दिन होगा।

 

#पंचायत चुनाव

Source : Agency

पाठको की राय